14वीं राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप शुरू, उद्घाटन मैच में झारखंड ने राजस्थान को 21-0 से हराया


झारखंड की स्वीटी डूंगडूंग बनी प्लेयर ऑफ द मैच, अन्य मुकाबले में पंजाब, उत्तरप्रदेश, चंडीगढ़ व महाराष्ट्र की टीमें जीती

खबर झारखंड, रांची : रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में 14वीं राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप का आगाज हुआ। 30 सितंबर से 10 अक्टूबर तक चलने वाले इस चैंपियनशिप का उद्घाटन खेल निदेशक संदीप कुमार, हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह, कोषाध्यक्ष शेखर जे मनोहरण, उपनिदेशक खेल विभाग राजकिशोर खाखा और साई के हाई परफोर्मेंस निदेशक पियूष दुबे ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते गुब्बारा उड़ाकर किया। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से कुल 25 राज्य की टीम भाग ले रही हैं। सोमवार को उद्घाटन मैच झारखंड और राजस्थान के बीच खेला गया। जिसमें झारखंड ने एकतरफा मुकाबला में 21-0 से जीत दर्ज की। इस मैच में झारखंड की स्वीटी डुंगडुंग को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। 

पंजाब को जम्मू कश्मीर से मिला वॉकओवर
इसके अलावा खेले गए मैच में हॉकी पंजाब को जम्मू कश्मीर से वाॅक ओवर मिला, जबकि उत्तर प्रदेश ने गुजरात को 9-0 से हराया। चंडीगढ़ ने अरुणाचल प्रदेश को 3-0 से और महाराष्ट्र ने दादर नगर हवेली-अंडमान निकोबार को 8-0 से मात देकर पूरे अंक अर्जित किए। मौके के दौरान अन्तर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सावित्री पूर्ति, कांति बा, हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह, कोषाध्यक्ष असरिता लकड़ा, सीईओ रजनीश कुमार, हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष मनोज कोणबेगी, हॉकी खूंटी के सचिव दसरथ महतो, हॉकी हजारीबाग के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, रणधीर कुमार, नवल टाटा हॉकी अकादमी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर गुरमीत सिंह सहित कई लोग उपस्थित थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post